प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली में राज्यों के मुख्य सचिवों के राष्ट्रीय सम्मेलन के समापन सत्र की अध्यक्षता करेंगे। प्रधानमंत्री ने कल राज्यों के मुख्य सचिवों के दूसरे सम्मेलन में कहा कि यह सम्मेलन महत्वपूर्ण नीतिगत मुद्दों पर विचार-विमर्श करने और देश को नई उचांईयों पर ले जाने के लिए टीम भावना से काम करने का एक अनूठा मंच है।
पांच जनवरी से शुरू हुए तीन दिन के इस सम्मेलन का उद्देश्य राज्यों के साथ मिलकर त्वरित और सतत आर्थिक विकास हासिल करना है। इस सम्मेलन का आयोजन सहकारी संघवाद की भावना से किया जा रहा है। सम्मेलन की अवधारणा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तैयार की थी और मुख्य सचिवों का पहला सम्मेलन पिछले वर्ष धर्मशाला में आयोजित किया गया था। सम्मेलन में केन्द्र सरकार के प्रतिनिधियों और राज्यों तथा केन्द्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों के अलावा विषय विशेषज्ञ शामिल हैं। सम्मेलन में छह मुख्य विषयों पर चर्चा की जा रही है। जिनमें सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम, बुनियादी ढांचा, निवेश, न्यूनतम अनुपालन, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य और पोषण तथा कौशल विकास शामिल हैं।
