प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज शंघाई सहयोग संगठन के राष्‍ट्राध्‍यक्षों के परिषद की 21वीं बैठक को वर्चुअली संबोधित करेंगे

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज शंघाई सहयोग संगठन के राष्‍ट्र प्रमुखों की परिषद की 21वीं बैठक को वर्चुअली सम्‍बोधित करेंगे। बैठक का आयोजन ताजिकिस्‍तान कर रहा है। भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्‍व विदेशमंत्री जयशंकर करेंगे। सम्मेलन में, पिछले दो दशकों की उपलब्धियों और भविष्‍य में सदस्‍य देशों के बीच सहयोग बढाने की संभावनाओं पर चर्चा होने की उम्मीद है। क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय महत्व के सामयिक मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है। भारत 2017 में इस संगठन का पूर्ण सदस्‍य बना था और सकारात्‍मकतथा रचनात्‍मक भूमिका के लिए प्रतिबद्ध रहा है। शंघाई सहयोग संगठन के बीस वर्ष हो गए हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी 24 सितम्‍बर को वॉशिंगटन में क्‍वाड नेताओं के शिखर सम्‍मेलन में भाग लेंगे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्‍ता अरिंदम बागची ने आज बताया कि प्रधानमंत्री मोदी अमरीकी राष्‍ट्रपति जो बाइडेन के साथ द्विपक्षीय बैठक भी करेंगे। उन्‍होंने कहा कि 25 सितम्‍बर को प्रधानमंत्री संयुक्‍त राष्‍ट्र महासभा के 76वें सत्र को सम्‍बोधित करेंगे। क्‍वाड के अन्‍य नेताओं के साथ भी द्विपक्षीय बैठकें होंगी। न्‍यूयॉर्क में कुछ अन्‍य नेताओं के साथ भी प्रधानमंत्री की बैठक होने की सम्‍भावना है।

अफगानिस्‍तान के काबुल में भारतीय नागरिक बांसुरीलाल के लापता होने पर अरिंदम बागची ने कहा कि स्‍थानीय अधिकारी इसकी जांच कर रहे हैं। भारत सरकार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Related posts

Leave a Comment