प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वॉशिंग्टन डी सी के व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति जो बाइडन और अमेरिका की पहली महिला जिल बाइडन के साथ बैठक के दौरान उन्हें विशेष उपहार दिये। प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति जो बाइडन को वनस्पतियों और जीवों के पैटर्न वाली सूक्ष्म नक्काशी के हस्त निर्मित चंदन की लकडी का बॉक्स दिया। इस बक्से को मैसूर के चंदन की लकडी का इस्तेमाल करके जयपुर के अनुभवी शिल्पकार ने बनाया है। प्रधानमंत्री ने पहली महिला जिल बाइडन को प्रयोगशाला में निर्मित सात दशमलव पांच कैरेट के ग्रीन डायमंड भी उपहार में दिया। इस हीरे को कागज की लुगदी से बने बक्से में रखा गया है जो कश्मीर के विशेष शिल्प कौशल को दर्शाता है। इसके अलावा प्रधानमंत्री ने उपनिषदों के दस सिद्धांत की पुस्तक के अंग्रेजी अनुवाद के पहले संस्करण की एक प्रति भी राष्ट्रपति बाइडन को उपहार स्वरूप भेंट की। इस पुस्तक के सह रचयिता राष्ट्रपति जो बाइडन के प्रिय कवि विलियम बटलर येटस और पुरोहित स्वामी हैं। यह पुस्तक भारतीय आध्यात्मिकता और गुरूदेव रबीन्द्र नाथ टैगोर की प्रतिष्ठा पर साझी सराहना को दर्शाती है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति जो बाइडन और अमेरिका की पहली महिला जिल बाइडन को विशेष उपहार दिए