प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी और सशस्त्र बलों के अन्य कर्मियों को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की। एक ट्वीट में प्रधानमंत्री ने कहा हैः “जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी और सशस्त्र बलों के अन्य कर्मियों को अपनी अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके अमूल्य योगदान को देश कभी नहीं भूलेगा।”
प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका रावत का आज शाम दिल्ली छावनी के श्मशान में अंतिम संस्कार किया जाएगा। जनरल रावत का अंतिम संस्कार पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा।
जनरल रावत की अंतिम यात्रा दिन में 2 बजे के बाद कामराज मार्ग से शुरू होकर बराड़ स्क्वायर पहुंचेगी। आम लोग आज सुबह 11 बजे से दोपहर साढ़े 12 बजे तक जनरल बिपिन रावत को उनके आवास पर श्रद्धांजलि दे सकते हैं। सैन्यकर्मी साढ़े 12 बजे से डेढ़ बजे के बीच श्रद्धांजलि दे सकेंगे। जनरल रावत और अन्य सैन्यकर्मियों के पार्थिव शरीर कल सुलूर से वायु सेना के विमान से दिल्ली के पालम हवाई अड्डे लाए गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने पालम हवाई अड्डे पर जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी और रक्षा कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। थल सेनाध्यक्ष, नौसेना अध्यक्ष और वायु सेना प्रमुख ने भी दिवंगतजनों को श्रद्धांजलि अर्पित की। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जनरल बिपिन रावत और सशस्त्र बलों के अन्य जवानों के शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की।
तमिलनाडु में हेलिकॉप्टर दुर्घटना में बचे ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह को बेंगलुरू में वायु सेना कमान अस्पताल भेजा गया है।
