प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज 16वें पूर्वी एशिया सम्मेलन में वर्चुअल माध्यम से भाग लेंगे

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज 16वें पूर्वी एशिया सम्मेलन में वर्चुअल माध्यम से भाग लेंगे

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज 16वें पूर्वी एशिया सम्‍मेलन में शामिल होंगे। इसका आयोजन वर्चुअल रूप में किया जा रहा है। पूर्वी एशिया सम्‍मेलन, हिंद-प्रशांत क्षेत्र में प्रमुख नेताओं का मंच है। 2005 में स्‍थापना के बाद से इस संगठन ने पूर्वी एशिया के सामरिक और भू-राजनीतिक विकास में महत्‍वपूर्ण भूमिका निभाई है।

16वें पूर्वी एशिया शिखर सम्‍मेलन में शामिल नेता समुद्री सुरक्षा, आतंकवाद, कोविड-19 पर सहयोग सहित क्षेत्रीय और अंतर्राष्‍ट्रीय हितों और चिंताओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे। मानसिक स्‍वास्‍थ्‍य, पर्यटन के माध्‍यम से आर्थिक सुधार और हरित रिकवरी पर घोषणा-पत्र जारी किए जाएंगे, जिन्‍हें भारत ने सह-प्रायोजित किया है। आसियान के दस सदस्‍य देशों के अलावा पूर्वी एशिया शिखर सम्‍मेलन में भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, ऑस्‍ट्रेलिया, न्‍यूजीलैंड, अमरीका और रूस शामिल हैं। भारत पूर्वी एशिया शिखर सम्‍मेलन हिंद प्रशांत पर आसियान के दृष्टिकोण और हिंद प्रशांत महासागर पहल के बीच समन्‍वय कर क्षेत्र में व्‍याव‍हारिक सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए एक महत्‍वपूर्ण मंच भी है।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी बुर्नेई के सुलतान के निमंत्रण पर कल 18वें आसियान-भारत सम्‍मेलन में भी वर्चुअल माध्‍यम से हिस्‍सा लेंगे। इसमें आसियान देशों के राष्‍ट्राध्‍यक्ष और शासनाध्‍यक्ष हिस्‍सा लेंगे।

18वें आसियान-भारत सम्‍मेलन में आसियान-भारत की महत्‍वपूर्ण भागीदारी की स्थिति की समीक्षा की जाएगी और कोविड-19 तथा स्‍वास्‍थ्‍य, व्‍यापार और वाणिज्‍य, संपर्क और शिक्षा तथा संस्‍कृति सहित महत्‍वपूर्ण क्षेत्रों में प्रगति की समीक्षा की जाएगी।

Related posts

Leave a Comment