प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी में प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन की शुरुआत की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उत्तर प्रदेश के दौरे पर हैं। वे वाराणसी में एक समारोह में महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बुनियादी ढांचा मिशन का शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री मोदी वाराणसी में जनसभा को भी संबोधित किया। प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बुनियादी ढांचा मिशन 64 हजार 180 करोड रुपये की लागत वाली विकास की सबसे बड़ी योजनाओं में से एक है। यह राष्‍ट्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मिशन के अतिरिक्‍त है।

केंद्र प्रायोजित इस योजना का उद्देश्य अगले छह वर्षों के लिए देश में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे, निगरानी और स्वास्थ्य अनुसंधान के क्षेत्र में अंतर की खाई को घटाना है। इस योजना के तहत पांच लाख से अधिक आबादी वाले देश के सभी जिलों में ब्‍लॉक स्‍तर के अस्‍पतालों में विशेष देखभाल सेवाएं उपलब्ध होंगी, अन्‍य जिलों में रेफरल सेवाओं के माध्यम से इन सुविधाओं को उपलब्‍ध कराया जायेगा।

इस बडी योजना के तहत 10 उच्च फोकस वाले राज्यों में 17 हजार 788 ग्रामीण स्वास्थ्य और आरोग्‍य केंद्रों के लिए सहायता प्रदान की जाएगी। इसके अलावा सभी राज्यों में 11 हजार 24 शहरी स्वास्थ्य और आरोग्‍य केंद्र स्थापित किए जाएंगे।

इस योजना का उद्देश्य 17 नई सार्वजनिक स्वास्थ्य इकाइयों का संचालन करना और हवाई अड्डों, बंदरगाहों और प्रवेश मार्गों पर मौजूदा 33 सार्वजनिक स्वास्थ्य इकाइयों में सुविधाओं को मजबूत करना है। इससे बीमारियों का पता लगाने, जांच, रोकथाम और सार्वजनिक स्‍वास्‍थ्‍य की आपात स्थिति से निपटने और रोगों को फैलने से रोकने में मदद मिलेगी। अग्रिम पंक्ति में काम करने वाले स्‍वास्‍थ्‍य कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण और स्‍वास्‍थ्‍य से संबंधित किसी भी आपात स्थिति से निपटन के लिए कार्यबल तैयार करने में भी सहायता मिलेगी। योजना का लक्ष्य महानगरीय क्षेत्रों में ब्लॉक, जिला, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर निगरानी प्रयोगशालाओं का एक नेटवर्क विकसित करके आधुनिक प्रौद्योगिकी सुविधाओं से युक्‍त रोग निगरानी प्रणाली का निर्माण करना है।

Related posts

Leave a Comment