पेगासस जासूसी और अन्य मुद्दों पर विपक्षी दलों का विरोध जारी रहने के बीच संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही बार बार बाधित हुई। पहले स्थगन के बाद साढे़ बारह बजे लोकसभा की कार्यवाही शुरू हुई तो कांग्रेस, डी एम के, तृणमूल कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के सदस्य विभिन्न मुद्दों पर नारेबाजी करते हुए सदन के बीचोंबीच आ गये। शोर-शराबे के बीच कार्यवाही ढाई बजे तक स्थगित कर दी गई।
इससे पहले हंगामे के बीच लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने प्रश्नकाल सम्पन्न कराया। पीठासीन अधिकारी ने विपक्षी सदस्यों से बार-बार शांत होने और सीट पर बैठने का आग्रह किया लेकिन असफल रहे। संसदीय कार्यमंत्री प्रहलाद जोशी ने प्रदर्शनकारी सदस्यों के अनुचित व्यवहार पर अप्रसन्नता व्यक्त की। शोर शराबे और हंगामे के बीच लोकसभा साढे 12 बजे तक स्थगित कर दी गई।
केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने विपक्ष के विरोध के रवैये को निंदनीय बताया। कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस के सांसदों ने जिस तरह से सदन न चलने के लिए हरसंभव प्रयास किया, वो विरोध कर सकते हैं, लेकिन उसकी भी एक मर्यादा है। मर्यादाओं को तोड़ने का काम आज जो कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस के सांसदों ने किया है, उसकी जितनी निंदा की जाए, उतनी कम है। आखिरकार विपक्ष चर्चा से क्यों भाग रहा है।
राज्यसभा में पहले स्थगन के बाद 12 बजे कार्यवाही शुरू हुई तो शोरशराबा शुरू हो गया। पेगासस जासूसी और अन्य मुद्दों पर कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, डीएमके और अन्य विपक्षी सदस्यों ने नारेबाजी की। हंगामे के बीच उपसभापति हरिवंश ने प्रश्नकाल सम्पन्न कराया। उपसभापति हरिवंश ने विरोध कर रहे सदस्यों से सीट पर जाने का अनुरोध किया। विरोध प्रदर्शन जारी रहने के बीच सदन की कार्यवाही दो बजकर 45 मिनट तक स्थगित कर दी गई।
इससे पहले पेगासस जासूसी और अन्य मुद्दों पर विपक्ष के सांसदों ने राज्यसभा की कार्यवाही में बाधा डाली। कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, डीएमके और अन्य विपक्षी सदस्यों के शोरशराबे के बीच सदन को 12 बजे तक स्थगित कर दिया गया। स्थगन के बाद कार्यवाही फिर शुरू हुई तो विपक्षी सदस्यों ने अपने स्थगन प्रस्ताव के मुद्दे उठाये और नारेबाजी करते हुए सदन के बीचोंबीच आ गये। इसके बाद शोरशराबा जारी रहने पर सभापति एम. वेंकैया नायडू ने सदन को दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।
पेगासस जासूसी मामले में भावी रणनीति पर चर्चा करने के लिए विपक्षी नेताओं ने संसद में बैठक की। बैठक में कांग्रेस के नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खडगे, डीएमके पार्टी के नेता टी आर बालू, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता प्रफुल पटेल, शिवसेना के सांसद संजय राउत, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के एलामर्म करीम और अन्य नेता मौजूद थे।