प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल से गुजरात के तीन दिन के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी महसाणा, भडूच, आणंद, जामनगर, राजकोट और अहमदाबाद जाएंगे।
प्रधानमंत्री पहले दिन उत्तरी गुजरात के महसाणा में दो हजार आठ सौ नब्बे करोड़ रुपये से अधिक लागत की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं में पांच सौ ग्यारह करोड़ रुपये की लागत की साबरमती-जगुदान गेज परिवर्तन परियोजना का शुभारंभ और ओएनजीसी-नंदासन भूतल केन्द्र का उद्धाटन शामिल है।
मोढेरा गांव जो अपने सूर्य मंदिर के लिए जाना जाता है, उसे जल्द ही देश के पहले सौर ऊर्जा संचालित गांव के रूप में नई पहचान मिलेगी। अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मोढेरा को देश का पहला चौबीस घंटे सौर ऊर्जा संचालित गांव घोषित करेंगे। यह महत्वाकांक्षी परियोजना 80 करोड़ रुपये की लागत से भारत सरकार और गुजरात सरकार का संयुक्त उद्यम है। जिसके तहत विश्व विख्यात मोढेरा गांव में 1300 से अधिक ग्रामीण घरों में सोलर रूफटॉप स्थापित किए गए हैं, जिसके परिणामस्वरूप बिजली बिलों में 60 से 100 प्रतिशत तक कमी आई है। प्रधानमंत्री कल मोढेश्वरी माताजी मंदिर और विश्व प्रसिद्ध मोढेरा सूर्य मंदिर की मुलाकात लेंगे जहां वह सौर ऊर्जा आधारित 3डी प्रोजेक्शन और हेरिटेज लाइट एंड साउंड शो का उद्घाटन करेंगे।