कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में कृषि को प्राथमिकता दी जा रही है। पी एम किसान योजना के तहत देशभर के 11 करोड़ पचास लाख किसानों को सहायता दी जा रही है। कृषि मंत्री तोमर ने आज महाराष्ट्र के नागपुर में चार दिन की प्रदर्शनी एग्रोविजन के शुभारंभ के अवसर पर यह बात कही। कृषि क्षेत्र में ढांचागत विकास पर बल देते हुए कृषि मंत्री तोमर ने इस क्षेत्र में निजी क्षेत्र के निवेश की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने आत्मनिर्भर पैकेज के तहत कृषि क्षेत्र में ढांचागत वित्तीय सहायता के लिए एक लाख करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है।
इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी मौजूद थे। नितिन गडकरी ने कहा कि पेट्रोलियम और ईंधन के आयात पर एक खरब से अधिक रुपये खर्च होते हैं। इससे बचने के लिए जैव ईंधन की आवश्यकता है जो पर्यावरण अनुकूल होने के साथ-साथ सस्ता भी है। नितिन गडकरी ने कहा कि शत-प्रतिशत इथेनॉल से चलने वाले वाहनों से किसानों को बायो इथेनॉल बनाने का अवसर मिलेगा।
चार दिन की कृषि प्रदर्शनी आज नागपुर के रेशमीबाग मैदान में शुरू हुई। यह 27 दिसंबर तक चलेगी। इसमें 350 मंडप हैं, जिनमें से छह कृषि प्रदर्शनी के लिए और दो मंडप कृषि कार्यशालाओं के लिए हैं।