पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने आज कहा कि नौ मई को देश में हुई घटनाओं को लेकर पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) पर प्रतिबंध लगाने का विचार किया जा रहा है। ख्वाजा आसिफ ने इस्लामाबाद में संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि इस पर विचार विमर्श किया जा रहा है लेकिन इस संबंध में अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने कहा कि देशभर में सैन्य ठिकानों पर तोड़-फोड़ संगठित हमले थे, जिनकी साजिश पीटीआई अध्यक्ष इमरान खान ने रची थी।
नौ मई को इस्लामाबाद में इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद पूरे पाकिस्तान में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गये थे। इस बीच, इस्लामाबाद हाई कोर्ट ने आज पीटीआई के महासचिव और इमरान खान के निकटतम सहयोगी असद उमर को तुरंत रिहा करने का निर्देश दिया। उन्हें दस मई को गिरफ्तार किया गया था।
