पटना साहिब में श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज की 357वीं जयंती धार्मिक हर्षोल्लास के साथ शुरू हुआ

बिहार में सिखों के 10वें गुरु की जन्मस्थली पटना साहिब में श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज की 357वीं जयंती समारोह प्रकाश पर्व आज धार्मिक हर्षोल्लास के साथ शुरू हुआ।

प्रकाश पर्व का तीन दिन का मुख्य समारोह तख्त श्री हरिमंदिर साहिब गुरुद्वारा में आयोजित किया जा रहा है। यहां एक विशेष दीवान स्थापित किया गया है। शबद कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है और भक्त सुबह से ही अर्घ्य दे रहे हैं। तख्त श्री हरिमंदिर साहिब गुरुद्वारा और आसपास के अन्य पवित्र गुरुद्वारों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। समारोह में भाग लेने और पवित्र गुरुद्वारे में खालसा पंथ के संस्थापक को श्रद्धांजलि देने के लिए देश और विदेश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु वहां पहुंचे हैं। तीन दिन के समारोह का समापन 17 जनवरी को होगा और अखंड पाठ की समाप्ति के साथ प्रकाश उत्सव का मुख्य अनुष्ठान किया जाएगा।

गंगा तट पर कंगन घाट पर श्रद्धालुओं के रहने के लिए विशेष टेंट सिटी बनायी गयी है। राज्य सरकार ने भी श्रद्धालुओं के लिए कई व्यवस्थाएं की हैं। रेलवे ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पटना स्टेशन पर कई रेलगाडियों के ठहराव की व्यवस्था की है।

Related posts

Leave a Comment