देश में अब तक 41 करोड़ से अधिक कोविड रोधी टीके लगाकर नया रिकॉर्ड बना है। अब तक 41 करोड़ 13 लाख 55 हजार छह सौ 65 टीके लगाए जा चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि सभी को कोविड रोधी टीका लगाए जाने का नया चरण 21 जून को शुरू हुआ था और कल वैक्सीन की 47 लाख 77 हजार डोज़ दी गईं। मंत्रालय ने कहा है कि कल 18 से 44 वर्ष की आयु वर्ग में वैक्सीन की 22 लाख 38 हजार से अधिक पहली और एक लाख 48 हजार से अधिक दूसरी डोज़ दी गईं। टीकाकरण अभियान का तीसरा चरण शुरू होने के बाद से इसी आयु वर्ग में सभी राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों में 12 करोड़ 73 लाख लोगों को पहली डोज़ दी जा चुकी है जबकि 50 लाख 58 हजार से अधिक लोगों को दूसरी डोज़ दी गई है। तीन राज्यों मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश में 18 से 44 वर्ष की आयु वर्ग में एक करोड़ से अधिक कोविड वैक्सीन दी गई।
देश में स्वस्थ होने की दर 97 दशमलव तीन-दो प्रतिशत है। अब तक तीन करोड़ तीन लाख रोगी स्वस्थ हो चुके हैं।