सरकार ने देशभर में पेट्रोलियम उत्पादों और एलपीजी की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कई कदम उठाए हैं। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने कहा है कि घरेलू उपयोग के लिए एलपीजी की आपूर्ति को प्राथमिकता दी गई है और किसी भी एलपीजी वितरक केंद्र पर आपूर्ति में कमी की सूचना नहीं मिली है। मंत्रालय ने बताया देशभर में ऑनलाइन एलपीजी सिलेंडर बुकिंग करीब 99 प्रतिशत तक बढ़ गई है और ओटीपी आधारित डिलीवरी 94 दशमलव 5 प्रतिशत से अधिक हो गई है।
मंत्रालय ने बताया है कि मार्च 2026 से अब तक पांच लाख 36 हजार से अधिक पीएनजी कनेक्शन दिए जा चुके हैं और दो लाख 61 हजार अतिरिक्त कनेक्शनों के लिए बुनियादी ढांचा तैयार किया गया है जिससे कनेक्शनों की कुल संख्या बढ़कर सात लाख 97 हजार हो जाएगी। इसके अलावा लगभग छह लाख ग्राहकों ने नए पीएनजी कनेक्शनों के लिए पंजीकरण कराया है। 42 हजार से अधिक पीएनजी उपभोक्ताओं ने कल तक अपने एलपीजी कनेक्शन वापस कर दिए हैं। सभी रिफाइनरियां पर्याप्त कच्चे तेल के भंडार के साथ उच्च क्षमता पर काम कर रही हैं। पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय ने कहा कि क्षेत्र में सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और पिछले 24 घंटों में भारतीय ध्वज वाले जहाजों से जुड़ी कोई घटना सामने नहीं आई है। इस बीच, विदेश मंत्रालय ने कहा कि 28 फरवरी से अब तक इस क्षेत्र से करीब 12 लाख 65 हजार लोग वापस आ चुके हैं। भारतीय नागरिकों को ईरान की यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

