राष्ट्र सरदार वल्लभ भाई पटेल को आज उनकी पुण्य तिथि पर श्रद्धांजलि दे रहा है। लौह पुरूष के नाम से प्रचलित सरदार पटेल ने पांच सौ से अधिक रियासतों का भारत में विलय कराया। वे भारत के पहले उप प्रधानमंत्री थे और उनके पास गृह मंत्रालय था।
उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने आज महान स्वतंत्रता सेनानी और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की पुण्यतिथि पर उनका स्मरण किया है। ट्वीट संदेशों में श्री नायडू ने कहा कि सरदार पटेल एक शानदार राजनेता थे, जिन्होंने किसानों की भलाई पर विशेष ध्यान दिया और दलितों के उत्थान के लिए लगातार काम करते रहे।
उपराष्ट्रपति ने कहा कि सरदार पटेल ने पांच सौ साठ से अधिक रियासतों के शांतिपूर्ण एकीकरण में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका जीवन हर देशवासी को राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने और सामाजिक बुराइयों को खत्म करने की दिशा में काम करने के लिए प्रेरित करता रहेगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सरदार वल्लभ भाई पटेल को उनकी पुण्य तिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की है। प्रधानमंत्री ने ट्वीट में कहा है कि भारत सरदार पटेल की असाधारण सेवाओं, उनकी प्रशासनिक कुशलता और राष्ट्र को एकजुट करने के उनके प्रयासों के लिए सदैव आभारी रहेगा।