दिल्ली में सात लोकसभा क्षेत्रों के लिए चुनाव 25 मई को कराया जाएगा और मतगणना 4 जून को होगी। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने देशभर में होने वाले लोकसभा चुनाव के तारीखों की आज घोषणा की। गौरतलब है कि देशभर में लोकसभा चुनाव कुल सात चरणों में कराये जाएंगे और दिल्ली में लोकसभा चुनाव छठवें चरण में 25 मई को कराया जाएगा। इसके लिए अधिसूचना 29 अप्रैल को जारी की जाएगी और प्रत्याशी 6 मई तक अपना नामांकन कर सकेगें। नामांकनों की जांच 7 मई को की जाएगी और प्रत्याशी अपना नाम 9 मई तक वापस ले सकेंगे।
दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने लोकसभा चुनाव की घोषणा का स्वागत किया है और कहा है कि भाजपा संगठन ही पार्टी की ताकत है। उन्होंने कहा कि हमारे संगठन की ताकत, वरिष्ठ नेतृत्व के मार्गदर्शन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति लोगों के विश्वास यह आश्वस्त करता है कि भाजपा दिल्ली में सभी सीटों पर जीत दर्ज करेगी।
दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि देश में लोकसभा चुनाव की तारीख़ों की घोषणा हो गई है और यह लोकतंत्र का महापर्व है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी लोगों के असल मुद्दों पर काम करती है, जनता को सहूलियतें देती हैं। उन्होंने अपने पार्टी के उम्मीदवारों के लिए वोट की अपील की।
वहीं दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने कहा है कि इस बार दिल्ली में कांग्रेस आम आदमी पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है और गठबंधन के तहत कांग्रेस तीन सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी जिसकी घोषणा जल्द की जाएगी।