दिल्‍ली के उप-मुख्‍यमंत्री मनीष सिसोदिया को आबकारी नीति मामले में पांच दिन की CBI हिरासत में भेजा गया

दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को आबकारी नीति मामले में केंद्रीय अन्‍वेषण ब्यूरो – सीबीआई की पांच दिन की हिरासत में भेज दिया गया है। ब्‍यूरो ने सिसोदिया को न्‍यायालय में पेश कर पांच दिन की हिरासत मांगी थी। सीबीआई ने सुनवाई के दौरान दावा किया कि साजिश बहुत ही सुनियोजित और गुप्त तरीके से रची गई थी।

सीबीआई ने लगभग आठ घंटे की पूछताछ के बाद रविवार की शाम सिसोदिया को गिरफ्तार किया था। दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने दिल्ली आबकारी नीति में कुछ विसंगतियों का हवाला देते हुए पिछले वर्ष सीबीआई जांच की सिफारिश की थी।

सीबीआई की प्राथमिकी में दर्ज 15 आरोपियों में दिल्ली के उपमुख्यमंत्री का नाम भी शामिल है।

BJP ने दिल्‍ली के मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल के इस्‍तीफे की मांग की

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने दिल्‍ली के मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल के इस्‍तीफे की मांग की है। नई दिल्‍ली में संवाददाताओं से बातचीत में भाजपा प्रवक्‍ता गौरव भाटिया ने कहा कि उप मुख्‍यमंत्री मनीष सिसोदिया को दिल्‍ली आबकारी नीति के मामले में गिरफ्तारी के बाद सीबीआई हिरासत में भेजा गया है। एक अन्‍य मंत्री सत्‍येंद्र जैन पहले से ही जेल में है। गौरव भाटिया ने कहा कि अरविंद केजरीवाल को अपने मंत्रियों के खिलाफ भ्रष्‍टाचार के आरोपों की नैतिक जिम्‍मेदारी लेनी चाहिए।

जो जांच एजेंसी है वो ईमानदारी से भ्रष्‍टाचारियों को कानून के तहत कार्रवाई करती है। दूसरी तरफ अराजक अपराध पार्टी ना संविधान का सम्‍मान करती है, ना न्‍यायालय का सम्‍मान करती है, ना जनता का सम्‍मान करती है और ना कानून का सम्‍मान करती है। जो फैसला न्‍यायालय ने पारित किया है, उसमें एक्‍यूज्ड नम्‍बर वन को सीबीआई कस्‍टडी में चार मार्च तक के लिए दिया गया है।

Related posts

Leave a Comment