दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना दबाव उत्तरी तमिलनाडु तट से दूर निकल गया और आज तड़के तीन से चार बजे तक पुद्दुचेरी तथा चेन्नई के बीच उत्तरी तमिलनाडु और उससे सटे दक्षिणी आंध्र प्रदेश के तटों को पार कर गया। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान चेन्नई और उत्तरी जिलों में कुछ स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश की संभावना जताई है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
विभाग के अनुसार यह दबाव आज सवेरे साढ़े पांच बजे उत्तरी तमिलनाडु तट और चेन्नई के दक्षिण-दक्षिण-पश्चिम में लगभग 60 किलोमीटर तथा पुद्दुचेरी के उत्तर-उत्तर पूर्व में 60 किलोमीटर पर केंद्रित था। इसके अगले 12 घंटों के दौरान इसके पश्चिम उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और धीरे-धीरे कम दबाव के क्षेत्र में परिवर्तित होने की संभावना है।
