दक्षिण अफ्रीका के सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल लॉरेंस खुलेकनी मबाथा ने आज नई दिल्ली में सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे से मुलाकात की। जनरल मबाथा को आज सुबह साउथ ब्लॉक में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इससे पहले, लेफ्टिनेंट जनरल मबाथा ने राष्ट्रीय समर स्मारक पर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। दोनों देशों के बीच सैन्य संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से जनरल मबाथा चार दिन की भारत यात्रा पर हैं।
भारत और दक्षिण अफ्रीका ने तीन अगस्त को नई दिल्ली में विदेश कार्यालय परामर्श के 11वें दौर के तीसरे सत्र का आयोजन किया। इस दौरान दोनों पक्षों ने रक्षा, आर्थिक और वाणिज्यिक, स्वास्थ्य, ऊर्जा, संस्कृति, खेल और चीतों के आयात सहित परस्पर लाभ के अनेक द्विपक्षीय मुद्दों की समीक्षा की।
दोनों पक्षों ने संयुक्त राष्ट्र, ब्रिक्स और इब्सा से जुडे अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचार विमर्श किया। दक्षिण अफ्रीका ने आगामी जी-20 सम्मेलन की अध्यक्षता के लिए भारत को समर्थन देने का आश्वासन दिया। भारत की ओर से भी अगले साल ब्रिक्स सम्मेलन की अध्यक्षता के लिए दक्षिण अफ्रीका के प्रति समर्थन व्यक्त किया गया।