ताइवान के पूर्वी तटवर्ती क्षेत्रों में आज आये तेज भूकंप में सात लोगों की मौत हुई है और सात सौ से ज्यादा घायल हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि कई लोग अब भी क्षतिग्रस्त ईमारतों में फंसे हैं। रिक्टर पैमाने पर 7 दशमलव 4 तीव्रता के इस भूकंप के बाद, सुनामी की चेतावनी जारी की गई। भूकंप का केंद्र, ताइवान के हुवालिएन शहर से 18 किलोमीटर दक्षिण में, समुद्र में लगभग 35 किलोमीटर की गहराई पर था।
ताइपे भूकंप विज्ञान केंद्र के निदेशक, वू-चिएन-फू ने कहा कि पिछले 25 वर्षों में यह ताइवान और तटीय क्षेत्रो में आया सबसे शक्तिशाली भूकंप है। शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, हुवालिएन में कई इमारतें ढह गई और कई क्षतिग्रस्त हुई हैं। भूकंप के कारण दक्षिणी जापान और फिलीपींस में भी सुनामी की चेतावनी जारी की गई। जापान के योनागुनी द्वीप पर 30 सेंटीमीटर ऊंची सुनामी दर्ज की गई। चीन के दक्षिण-पूर्वी फूजियान प्रांत में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए।
भारत- ताइपे संघ ने भूकंप के बारे में सहायता और जानकारी के लिए आपात हेल्पलाइन नम्बर जारी किया है। आपात हेल्पलाइन नम्बर है -0905247906 और ईमेल आईडी है ad.ita@mea.gov.in. । संघ ने ताइवान में रह रहे भारतीय नागरिकों को स्थानीय प्राधिकरण द्वारा जारी दिशा निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।