जम्‍मू-कश्मीर: श्री माता वैष्णो देवी भवन से भैरो जी तक जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए ऑनलाइन बुकिंग सुविधा का शुभारंभ हुआ

जम्‍मू-कश्मीर के उप-राज्‍यपाल मनोज सिन्हा ने श्री माता वैष्णो देवी भवन से भैरो जी तक जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए ऑनलाइन बुकिंग सुविधा का शुभारंभ किया है। उप-राज्‍यपाल ने, तीर्थ यात्रा सुविधाजनक और कठिनाई मुक्‍त बनाने की मन्दिर बोर्ड की वचनबद्धता दोहराई।

रोपवे के लिये टिकट ऑनलाइन पोर्टल-www.maavaishnodevi.org पर उपलब्ध रहेगा, पहले यह ऑफ लाइन मिलता था। शुरू में प्रतिदिन दो हजार ऑनलाइन टिकट दिये जायेंगे और बाद में इसे बढाया जायेगा।

मन्दिर बोर्ड की इस पहल से न केवल श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी बल्कि बोर्ड के वार्षिक व्यय में भी कमी आयेगी। भवन से भैरो मन्दिर के लिए रोपवे से प्रतिघंटा आठ सौ लोगों को पहुंचाने की क्षमता है। यह सुविधा दिन में आठ से दस घंटे उपलब्ध रहती है।

इस अवसर पर उप-राज्यपाल ने जाने-माने पैरा निशानेबाज राकेश कुमार को मन्दिर बोर्ड खेल परिसर में सहायक कोच के रूप में नियुक्ति पत्र दिया और उन्‍हें बधाई दी। उप-राज्यपाल ने श्री माता वैष्णो देवी मंदिर के वर्ष 2024 का पंचांग कैलेंडर और डायरी भी जारी की।

Related posts

Leave a Comment