जम्मू कश्मीर में सुरक्षा बलों ने जम्मू डिविजन के किश्तवाड़ जिले में हिज़्बुल मुजाहिदीन के एक और आतंकवादी को गिरफ्तार किया है। आतंकवादी को किश्तवाड़ पुलिस, राष्ट्रीय राइफल की 17वीं बटालियन और सी.आर.पी.एफ. की 52वीं बटालियन की संयुक्त कार्रवाई में कल पार्टी महल्ला पाल्मर के कुलना वन क्षेत्र से पकड़ा गया। इस आतंकवादी की पहचान किश्तवाड़ के मुज़म्मिल हुसैन के रूप में हुई है और यह कुछ दिनों पहले हिज़्बुल मुजाहिदीन गुट में शामिल हुआ था। उसके पास से एक ग्रेनेड, ए.के. 47 राइफल की एक मैगज़ीन और तीस राउन्ड गोलियां मिली हैं। सुरक्षा बलों ने कुछ दिन पहले हिज़्बुल मुजाहिदीन के दो आतंकवादियों को गिरफ्तार किया था।
जम्मू डिवीजन के डोडा जिले में सरोला वन क्षेत्र से सुरक्षाबलों ने कल हथियार और गोलीबारुद का एक बड़ा जखीरा बरामद किया। जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और अर्धसैनिक बलों के विशेष संयुक्त दल को डोडा जिले के टंटा वन क्षेत्र में तलाशी अभियान के दौरान आतंकियों के छिपने के एक ठिकाने का पता चला जहां से बड़ी मात्रा में हथियार और गोली-बारुद बरामद किए गए।