अमेरिका ने कहा है कि यदि चीन, ताइवान पर हमला करता है तो वह उसकी रक्षा करेगा। पत्रकारों के इस बारे में पूछे गये प्रश्न के उत्तर में राष्ट्रपति जो बाइडेन ने यह बात कही। हालांकि, बाद में व्हाईट हाउस के प्रवक्ता ने अमेरिकी मीडिया को बताया कि राष्ट्रपति की टिप्पणी, अमेरिकी नीति में बदलाव का कोई संकेत नहीं देती।
ताइवान ने भी अपनी प्रतिक्रिया में कहा है कि जो बाइडेन के वक्तव्य से चीन के संबंध में उसकी राय बदलने वाली नहीं है।
गौरतलब है कि अमेरिका के ताईवान से अधिकृत राजनयिक संबंध नहीं हैं लेकिन वह ताईवान संबंध अधिनियम के अंतर्गत उसे हथियार बेचता है। ऐसी स्थिति में अमरीका को ताईवान की रक्षा में अवश्य मदद करनी चाहिए।
उधर, चीन ताईवान को एक अलग प्रांत के रूप में देखता है जिसे वह जरूरत पडने पर बलपूर्वक कभी भी वापस ले सकता है जबकि ताईवान का दावा है कि वह एक संप्रभु राष्ट्र है।