गृह मंत्री अमित शाह ने आज हरियाणा के फरीदाबाद में जन उत्थान रैली में 6 हजार 600 करोड़ रुपये से अधिक की चार परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में लगभग 5 हजार 600 करोड़ रुपये की लागत वाली हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर परियोजना का शिलान्यास शामिल है। गृह मंत्री ने सोनीपत में 590 करोड़ रुपये की लागत से 161 एकड़ भूमि में फैले रेल कोच नवीनीकरण कारखाने, रोहतक में लगभग 315 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित एलिवेटेड रेलवे ट्रैक और 105 करोड़ रुपये की लागत से हरियाणा पुलिस निवास परिसर, भोंडसी का उद्घाटन किया। उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर खट्टर और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की उपस्थिति में इन परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
अमित शाह ने इन परियोजनाओं के उद्घाटन के बाद रैली को संबोधित किया। उन्होंने शासन के आठ गौरवशाली वर्ष पूरे करने के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल को बधाई दी। गृहमंत्री ने कहा कि राज्य में भाजपा के आठ वर्ष के कार्यकाल में, पिछले 50 वर्षों में सत्ता में रही सरकारों की तुलना में अधिक विकास कार्य किये गये। उन्होंने कहा कि मनोहर लाल के नेतृत्व में राज्य में भ्रष्टाचार नहीं हुआ और गुंडागर्दी खत्म कर राज्य को सुरक्षित बनाया गया। अमित शाह ने कहा कि भाजपा सरकार ने समाज के सभी वर्गों पर ध्यान दिया और नरेन्द्र मोदी सरकार द्वारा संचालित सभी योजनाएं लागू कीं। उन्होंने कहा कि हरियाणा ऐसा पहला राज्य है, जो केरोसिन तेल और धुएं से मुक्त है, क्योंकि प्रत्येक परिवार के पास एलपीजी सिलेण्डर है। अमित शाह ने कहा कि हरियाणा दूध और अनाज उत्पादन में दूसरे स्थान पर है।