केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज कर्नाटक के तुमकुरु के सिद्धगंगा मठ में शिवकुमार स्वामी की 115वीं जयंती कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर अमित शाह ने कहा कि डॉ. शिवकुमार स्वामी कर्मयोगी और संत थे, जिन्होंने 12वीं सदी के समाज सुधारक बसवेश्वर की शिक्षाओं का अनुसरण किया।
अमित शाह ने कहा कि मठ आज भी डॉ. शिवकुमार स्वामी द्वारा बताए गए मार्ग के अनुरूप कार्य कर रहा है। मठ में दस हजार से अधिक गरीब बच्चों को आश्रय, भोजन और मुफ्त शिक्षा दी जाती है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पिछले दो वर्षों से गरीबों को पांच किलोग्राम मुफ्त खाद्यान्न की व्यवस्था की है और पिछले सात वर्षों में तीन करोड़ गरीब व्यक्तियों को घर उपलब्ध कराया है। अमित शाह ने कहा कि नई शिक्षा नीति के तहत सरकार ने मातृभाषा में चिकित्सा और तकनीकी शिक्षा की सुविधा प्रदान की है।