गृह मंत्री अमित शाह ने आज अहमदाबाद में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया और आधारशिला रखी। अहमदाबाद नगर निगम और रेल की इन परियोजनाओं पर 33 करोड रूपये की लागत आई है। अमित शाह ने चन्दलोदिया कोडियार रेलवे अण्डर ब्रिज का उद्घाटन भी किया।
इस अवसर पर अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में गुजरात में रेल सुविधाओं का विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि आज का दिन गांधीनगर लोकसभा और साबरमती विधानसभा क्षेत्र के लिए बडा दिन है। अमित शाह ने कहा कि चन्दलोदिया स्टेशन पर आधुनिक आरक्षण काउंटर, नया रेलवे प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षा कक्ष और अन्य सुविधाएं उपलब्ध की गई हैं। उन्होंने चन्दलोदिया, आंबली और साबरमती रेलवे स्टेशनों पर आज से दस और लंबी दूरी वाली रेलगाडियों के रूकने की घोषणा की।
अमित शाह ने अहमदाबाद के हेबतपुर में एक लाख पेड़ लगाने के लिए वृक्षारोपण अभियान भी शुरू किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कोविड महामारी ने हमें एक बड़ा सबक सिखाया है कि ऑक्सीजन हमारे लिए सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण को कम करने के लिए कई नई पहल की गई हैं, लेकिन प्राकृतिक ऑक्सीजन प्राप्त करने का एकमात्र तरीका अधिक से अधिक पेड़ लगाना है। उन्होंने कहा कि पिछले दो साल में गुजरात में दो करोड़ पेड़ लगाए गए हैं।