दुनियाभर में रह रहे केरल के लोग आज ओणम मना रहे हैं। यह केरल के सबसे बड़े सांस्कृतिक त्योहार ओणम का पहला दिन है। कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए राज्य के सभी धर्मों के लोग अपने घरों में रहते हुए ही इसमें शामिल हो रहे हैं।
राष्ट्रपति, उप-राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने लोगों को ओणम पर बधाई दी है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा है कि नई फसल का यह त्योहार किसानों के कठिन परिश्रम और मातृ-प्रकृति के प्रति कृतज्ञता ज्ञापन का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह त्योहार समाज में सौहार्द, प्रेम और बंधुत्व का संदेश भी देता है।
उप-राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने कहा है कि ओणम प्रकृति की शक्ति और प्रचुरता का उत्सव मनाने का अवसर है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट संदेश में कहा कि यह त्योहार सकारात्मकता, जीवन्तता, भाईचारे और सद्भाव का प्रतीक है। उन्होंने सभी के अच्छे स्वास्थ्य और सुख समृद्धि की कामना भी की है।