केरल में मौसम विभाग ने आज कन्नूर और कासरगोड जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कोट्टायम, एर्नाकुलम, इडुक्की, मलप्पुरम, कोझिकोड और वायंड जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। कन्नूर में तेज बारिश जारी है। कुछ जगहों पर जहां राष्ट्रीय राजमार्ग-66 का निर्माण कार्य चल रहा है, वहां जलभराव की समस्या बनी हुई है।
कोझिकोड में मछली पकड़ने के दौरान दुर्घटनावश नदी में गिरे एक युवक का शव आज बरामद किया गया। कोझिकोड के चालियार के पांच मछुआरे, जो समुद्र के बीच में फंसे हुए थे, उनको तटरक्षक जहाज द्वारा सुरक्षित निकाल लिया गया।
आज सुबह कोच्चि-धनुषकोडी राजमार्ग पर इडुक्की जिले में मुन्नार गैप रोड पर बड़ी चट्टानें और मिट्टी गिर गई। सड़क पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बंद कर दी गई है।
इडुक्की जिले में पोरिंगलकुथु बांध का एक शटर चार फीट ऊंचा कर दिया गया है। चालक्कुडी नदी के दोनों किनारों पर रहने वाले लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है।
कोट्टायम, अलाप्पुझा और पथानामथिट्टा जिलों के निचले इलाकों में पानी भर गया है। पथानामथिट्टा जिले में पांच गर्भवती महिलाओं और तीन सौ 63 बच्चों सहित दो हजार एक सौ छियासी लोगों को 68 राहत शिविरों में रखा गया है। जिले में मणिमाला, पंपा, मदमन और अचनकोविल नदियों में जल स्तर में गिरावट देखी जा रही है।
