केरल में लगातार हो रही तेज बारिश के कारण पूरे राज्य में बड़े पैमाने पर नुकसान की खबर आ रही है। कृषि और रिहायशी संपत्तियां को नुकसान पहुंचा है। इडुक्की, कोट्टायम, कन्नूर, पथनमथिट्टा, एर्नाकुलम, कोझिकोड, कासरगोड, अलप्पूझा जिले वर्षा से बुरी तरह प्रभावित हैं। प्रभावित जिलों में नियंत्रण कक्ष और राहत शिविर लगाए गए हैं। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक तेज वर्षा की आशंका जताई है। 12 जिलों में आज ऑरेंज एलर्ट जारी किया गया है।
केरल में पिछले तीन दिनों से कई स्थानों पर तेज वर्षा हो रही है। वर्षा से संबंधित घटनाओं में तीन लोगों की मृत्यु हो चुकी है। केरल के राजस्व मंत्री के. राजन की अध्यक्षता में कल शाम राज्य में मॉनसून की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में तालुक स्तर पर राहत शिविर लगाने का फैसला किया गया ताकि प्रभावित लोगों को आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराई जा सके।
