केन्द्र सरकार ने विदेश स्थित ‘पंजाब पॉलिटिक्स टी वी’ के ऐप, वेबसाइट और सोशल मीडिया अकाउंट्स ब्लॉक करने का आदेश दिया है। सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने बताया कि ‘पंजाब पॉलिटिक्स टी वी’ का प्रतिबंधित ‘सिख्स फॉर जस्टिस’ संगठन से निकट संपर्क है। इस संगठन को गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम-1967 के तहत अवैध घोषित किया जा चुका है।
खुफिया जानकारी मिली थी कि यह टी वी चैनल राज्य विधानसभा चुनाव के दौरान सार्वजनिक व्यवस्था भंग करने के लिए ऑनलाइन मीडिया का इस्तेमाल कर रहा था। मंत्रालय ने ‘पंजाब पॉलिटिक्स टी वी’ के डिजिटल मीडिया स्रोतों को बंद करने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी विनियमों के तहत आपात अधिकारों का उपयोग किया।
मंत्रालय ने बताया कि प्रतिबंधित ऐप, वेबसाइट और सोशल मीडिया अकाउंट्स में सांप्रदायिक एकता भंग करने और अलगाववाद को बढावा देने वाली सामग्री थी। इसे देश की एकता और अखंडता तथा राज्य की सुरक्षा के लिए घातक पाया गया। मंत्रालय ने कहा कि नए ऐप और सोशल मीडिया अकाउंट ऐसे समय में शुरू किए गये कि जारी विधानसभा चुनाव के दौरान लोगों का ध्यान खींचा जा सके।
मंत्रालय ने कहा कि भारत सरकार देश की एकता और अखंडता पर आंच लाने वाली किसी भी कार्रवाई से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है।