सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने यूट्यूब चैनलों पर चलने वाली फर्जी खबरों पर कार्रवाई की है। यह यूट्यूब चैनल गुमराह करने के लिए टीवी चैनलों के एंकरों की पिक्चर, क्लिकबेट और सनसनीखेज थंबनेल का उपयोग करते हैं।
पत्र सूचना कार्यालय (PIB) की तथ्य जांच इकाई ने छह यूटयूब चैनलों का पर्दाफाश किया है जो देश में झूठी खबरें चला रहे थे। इन चैनलों के लगभग 20 लाख सब्स्क्राइबर थे और इन पर डाले गए वीडियो 51 करोड बार देखे गए। यह चैनल चुनावों, उच्चतम न्यायालय और भारत की संसद की कार्यवाहियों तथा भारत सरकार के कामकाज को लेकर फर्जी खबरें फैला रहे थे।
मंत्रालय ने बताया है कि यह चैनल फर्जी खबरों के कारोबार का हिस्सा हैं, जो फर्जी खबरों से कमाई करते हैं। इन फर्जी चैनलों में नेशन 24, स्वर्णिम भारत, सरोकार भारत, नेशन टीवी, संवाद समाचार और संवाद टीवी शामिल हैं। पत्र सूचना कार्यालय की तथ्य जांच इकाई ने दूसरी बार ऐसी कार्रवाई की है।