केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा, भारत 2027 तक दालों के क्षेत्र में आत्मनिर्भर हो जाएगा

केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा है कि भारत 2027 तक दालों के क्षेत्र में आत्मनिर्भर हो जाएगा। उन्होंने कहा कि मूंग और चने के क्षेत्र में भारत आत्मनिर्भर हो गया है। लेकिन आज भी देश अन्य दालों का आयात कर रहा है।

अमित शाह ने आज नई दिल्ली में तुअर उत्पादक किसानों के पंजीकरण, खरीद और भुगतान के लिए एक पोर्टल को शुरू करने के बाद यह बात कही। अमित शाह ने विश्वास व्यक्त किया कि किसान भारत को दलहन क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

अमित शाह ने यह भी कहा कि पिछले नौ वर्षों में नरेंद्र मोदी सरकार ने दालों के उत्पादन को बढ़ावा देने की दिशा में कई कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा, 2013-14 में दालों का उत्पादन एक करोड़ 90 लाख टन था, जो 2022-23 में बढ़कर दो करोड़ 60 लाख टन हो गया। श्री शाह ने किसानों से एनसीसीएफ और नेफेड के साथ खुद को पंजीकृत करने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार सभी पंजीकृत किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर सभी दालें खरीदेगी। मंत्री ने कहा कि कुपोषण के खिलाफ लड़ाई में दालें महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

Related posts

Leave a Comment