बंदरगाह, जहाजरानी तथा जलमार्ग और आयुष मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने आज मणिपुर के लिए आयुष विकास पैकेज की घोषणा की। सर्बानंद सोनोवाल ने आज इम्फाल में संवाददाता सम्मेलन में बताया कि आयुष मंत्रालय ने मणिपुर में 15 आयुष डिस्पेंसरियां, दस-दस बिस्तरों वाले सात अस्पताल और 50 स्वास्थ्य तथा आरोग्य केन्द्र निर्मित करने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि मणिपुर औषधीय पौधों के संबंध में समृद्ध है और आयुष मंत्रालय ने राज्य के प्रत्येक जिले में 16 नर्सरी विकसित करने तथा एक सौ स्कूलों में औषधि बगीचे बनाने का फैसला किया है।
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से मणिपुर के लोग औषधीय पौधे लगाने और औषधीय बगीचे बनाने के लिए प्रेरित होंगे। उन्होंने कहा कि इससे रोज़गार के अवसर उत्पन्न होंगे और मणिपुर के लोगों की आय में इजाफा होगा।
सर्बानंद सोनोवाल ने मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह और उनके मंत्रिमण्डलीय सहयोगियों से इन योजनाओं को निश्चित समय सीमा के भीतर लागू करने की अपील की और कहा कि मंत्रालय इस संबंध में हर संभव सहयोग उपलब्ध करायेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मणिपुर समेत समस्त पूर्वोत्तर क्षेत्र के विकास पर जोर दिया है।
सर्बानंद सोनोवाल ने मणिपुर के इस सीमाई शहर मोरेह में 50 बिस्तरों वाले एक आयुष अस्पताल का वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह और केन्द्रीय शिक्षा तथा विदेश राज्य मंत्री डॉक्टर आर. के. रंजन तथा अऩ्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे। सर्बानंद सोनोवाल कल रात दो दिन की मणिपुर यात्रा पर इम्फाल पहुंचे थे।