उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि कानपुर हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कल कानपुर के बेकनगंज पुलिस थाना क्षेत्र के नई सड़क इलाके में जुमे की नमाज़ के बाद जबरन दुकानें बंद कराने की कोशिश में हिंसा भड़क गई थी। पुलिस ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति पर नियंत्रण कर लिया। हिंसा में दो लोग घायल हुए। राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक, कानून व्यवस्था, प्रशांत कुमार ने बताया कि इस सिलसिले में अब तक अठारह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए पी.ए.सी. की बारह कम्पनियां तैनात की गयी हैं और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी स्थिति पर लगातार नज़र रख रहे हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी ज़िलों के पुलिस और प्रशासनिक प्रमुखों के साथ गोरखपुर से वर्चुअल बैठक में कहा कि ज़रूरत पड़ने पर कानपुर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। उन्होंने पुलिस को राज्य में सार्वजनिक स्थानों पर सभी गैरकानूनी धार्मिक स्थलों की पहचान करने और पंद्रह दिन के अंदर रिपोर्ट देने को कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि सड़कों पर कोई भी धार्मिक गतिविधि नहीं हो।