विश्व और देश में कोविड महामारी की चुनौतियों के बावजूद कर्नाटक ने पिछले छह महीने के दौरान समझौता ज्ञापनों और निवेश प्रस्तावों के माध्यम से 28 हजार 600 करोड़ रूपये का निवेश प्राप्त किया है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी.एस. येडियुरप्पा ने कल इलैक्ट्रॉनिक वाहन, डेटा सेंटर, अंतरिक्ष विज्ञान और रक्षा उपकरण के व्यवसायों में लगी 20 से अधिक कंपनियों के साथ समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर के बाद यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस निवेश से 15 हजार प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।
मार्च 2020 में संक्रमण के आरंभ होने के बावजूद कर्नाटक सरकार ने 520 योजनाओं को अनुमति दी है, जिससे 77 हजार करोड़ इन्वेस्टमेंट आने की संभावना है। इसके अलावा 23 हजार करोड़ रुपये की योजना को अनुमति देना बाकी है। कल इन्वेस्ट कर्नाटका कॉन्क्लेव में अमरीका की लियोन सेल कंपनी सी4वी, सिंगापुर की एलएनजी टर्मिनल कंपनी एलएनजी अलायंस और अडानी डेटा सेंटर के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर हुए। उद्योग मंत्री जगदीश शेट्टार जी ने जानकारी दी है कि अगले साल फरवरी में ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट को आयोजित किया जाएगा।