कतर और बहरीन ने घोषणा की है कि कतर के अरब बहिष्कार को समाप्त किए जाने के दो वर्षों बाद वे अपने राजनयिक संबंधों को फिर से बहाल करेंगे। जनवरी 2021 में सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, बहरीन और मिश्र ने कतर के साढ़े तीन वर्षों के प्रतिबंध को समाप्त किया, लेकिन बहरीन को छोड़कर सभी देश 2021 में कतर के साथ व्यापारिक संपर्क और यात्रा को पहले ही बहाल कर चुके हैं। राजनयिक संबंधों को बहाल करने का यह निर्णय सऊदी राजधानी के खाड़ी सहयोग परिषद महासचिवालय में आयोजित बहरीन-कतर कार्यान्वयन समिति की दूसरी बैठक में लिया गया। संयुक्त अरब अमीरात के विदेश और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग के मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जाएद अल नाह्यान ने इस समझौते का स्वागत किया। इस निर्णय को अन्य खाड़ी सहयोग परिषद के देशों के विदेश मंत्रालय, अरब लीग, अमरीका और रुस ने सकारात्मक कदम बताया है।
5 जनवरी 2021 को अलऊला घोषणा पर हस्ताक्षर किए गए थे। इस समझौते ने सऊदी अरब के अलऊला में आयोजित खाड़ी सहयोग परिषद शिखर सम्मेलन के समापन को दर्शाया। इस समझौते के कारण कतर के साथ विवाद समाप्त हुआ। इस समझौते ने खाड़ी सहयोग परिषद के देशों के संबंधों को मजबूत करने और इनमें एकता लाने का आह्वान किया। इस घोषणा ने राज्यों के एक संघ गठित करने के लिए सभी क्षेत्रों में समन्वय और एकीकरण लाने की खाड़ी सहयोग परिषद के सदस्य राज्यों की वचनबद्धता की भी पुष्टि की। इस महीने की शुरुआत में संयुक्त अरब अमीरात और कतर ने अलऊला घोषणा के कार्यान्वयन पर अबूधाबी में अपनी चौथी संयुक्त बैठक की।
