ऑस्ट्रेलिया ने भारत के साथ तीन T20 क्रिकेट मैचों की श्रृंखला का पहला मुकाबला चार विकेट से जीत लिया है। मोहाली में कल रात भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 208 रन बनाए। हार्दिक पांडया ने 71, के एल राहुल ने 55 और सूर्यकुमार यादव ने 46 रन का योगदान दिया।
जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 20वें ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 211 रन बनाकर जीत हासिल कर ली। मेहमान टीम के लिए कैमरन ग्रीन ने सर्वाधिक 61 रन बनाए। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। भारत की तरफ से अक्षर पटेल ने तीन और उमेश यादव ने दो विकेट लिए। श्रृंखला का अगला मैच शुक्रवार को नागपुर के विदर्भ स्टेडियम में खेला जाएगा।
