चीन के हांगचोओ में 19वें एशियाई खेलों में भारत का शानदार सफर जारी है और आज खेल के 12वें दिन देश को कई और पदकों की उम्मीद है। आज तीरंदाजी की महिला कंपाउंड स्पर्धा में ज्योति सुरेखा, परनीत और अदिति की तिकड़ी ने हांगकांग को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। इससे पहले कल भारत ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए 3 स्वर्ण, 5 रजत और 4 कांस्य सहित 12 पदक जीते।
भारत 18 स्वर्ण, 31 रजत और 32 कांस्य सहित 81 पदक जीतकर चौथे स्थान पर है। एशियाई खेलों में भारत का ये अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
कल ट्रैक एंड फील्ड स्वर्धा में भारत के लिए सुहनरा दिन रहा। पुरूषों के भाला फेक में नीरज चोपड़ा ने स्वर्ण और किशोर कुमार जेना ने रजत पदक जीता। नीरज ने सीजन का सर्वश्रेष्ठ 88 दशमलव आठ-आठ मीटर के साथ एक नया रिकॉर्ड अपने नाम किया। चार गुणा चार सौ मीटर रिले में पुरूष टीम ने स्वर्ण और महिला टीम ने रजत पदक हासिल किया। आठ सौ मीटर दौड़ में हरमिलन बैंस ने रजत पदक और पुरूषों की पांच हजार मीटर दौड़ में अविनाश साबले ने रजत पदक अपने नाम किया। 35 किलोमीटर रेस वॉक मिक्स्ड टीम में रामबाबू और मंजू रानी की जोडी ने कांस्य पदक जीता। तीरंदाजी कंपाउंड में ज्योति सुरेखा वेन्नम और ओजस देवताले की जोड़ी ने स्वर्ण पदक जीता।