उत्तर प्रदेश तीन करोड़ लोगों का पूर्ण टीकाकरण करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। कुल टीकाकरण में भी राज्य पहले स्थान पर है। अब तक 12 करोड़ 65 लाख से अधिक टीके लगाए गए हैं।
कल पूरे प्रदेश में कोविड संक्रमण के केवल दो मामले सामने आए हैं जोकि हाल के दिनों में संक्रमण की सबसे कम संख्या है। वहीं दूसरी तरफ कानपुर में एक व्यक्ति में ज़िका वायरस पाए जाने की खबर मिलने के बाद प्रदेश का स्वास्थ्य महकमा संक्रमण के स्थान से एक किलोमीटर के दायरे में सघन जांच सर्वे कर रहा है। स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक ने कहा कि सरकार संक्रमण के स्थान से एक किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोगों में बुखार के लक्षणों की पहचान कर रही है और ऐसा पाए जाने पर उनकी जांच करवा रही है। इस बीच केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने प्रदेश में एक उच्च स्तरीय विशेषज्ञ टीम भेजी है। कानपुर में 22 अक्तूबर को जांच के दौरान एक 57 वर्षीय व्यक्ति ज़िका वायरस पॉजीटिव पाया गया। यह टीम राज्य के स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर काम करेगी, जमीनी स्तर पर स्थिति का जायजा लेगी और ज़ीका प्रबंधन के लिए केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की कार्य योजना लागू किए जाने का आंकलन करेगी।