उत्तराखण्ड सरकार ने राज्य में जमीन धंसने से प्रभावित प्रत्येक परिवार को डेढ लाख रुपये का अंतरिम राहत पैकेज देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री के सचिव आर. मीनाक्षी सुदंरम ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इसमें से 50 हजार रुपये मकान बदलने के लिए और एक लाख रुपये आपदा राहत कोष से दिए जा रहे हैं।
जोशीमठ में संवाददाताओं से बातचीत में मीनाक्षी सुंदरम ने कहा कि सरकार बेहतर सुविधाएं दे रही है और छह महीनों के लिए चार-चार हजार रुपये उन परिवारों को दिए गए हैं जो किराए के मकान में रहना चाहते हैं। उन्होंने लाभार्थियों और स्थानीय लोगों के साथ बैठक में कहा कि मुआवजा बाजार दर पर उन लोगों को दिया जाएगा जिनके मकान जमीन धंसने के कारण क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रभावित लोगों की सभी मांगों पर विचार कर रही है। सरकार सभी के हितों को ध्यान में रखते हुए एक कार्ययोजना भी तैयार कर रही है।
मीनाक्षी सुंदरम ने कहा कि प्रशासन ने जमीन धंसने वाले क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है। उन्होंने बताया कि अब तक सात सौ 23 मकानों में दरारें आई हैं और इनमें से 86 मकान असुरक्षित क्षेत्र में है। प्रशासन ने एक सौ 31 परिवारों के चार सौ 62 सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया है।