उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में बीजेपी की सत्ता बरकरार; पंजाब में आम आदमी पार्टी ने शानदार जीत दर्ज की

उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में बीजेपी की सत्ता बरकरार; पंजाब में आम आदमी पार्टी ने शानदार जीत दर्ज की

भारतीय जनता पार्टी ने उत्‍तर प्रदेश, उत्‍तराखण्‍ड, गोवा और मणिपुर में सत्‍ता बनाए रखी है, जबकि आम आदमी पार्टी ने पंजाब विधानसभा चुनाव में भारी जीत हासिल की है।

उत्‍तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को लगातार दूसरी बार सत्ता में आने की ऐतिहासिक सफलता मिली है। 403 सदस्‍यों की विधानसभा में उसे 255 सीटे मिली हैं। सहयोगी पार्टियां अपना दल (सोनेलाल) ने 12 सीट और निषाद पार्टी ने 6 सीट जीती हैं।

समाजवादी पार्टी ने विधानसभा चुनाव में एक सौ 11 सीट पर जीत हासिल की है। इसके सहयोगी राष्‍ट्रीय लोकदल ने 8, जबकि सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने 6 सीटें जीती हैं। जनसत्‍ता दल लोकतांत्रिक 2 सीटों पर विजयी रही है।

कांग्रेस को केवल 2 और बहुजन समाज पार्टी को 1 सीट मिली है। राज्‍य में सभी 403 निर्वाचन क्षेत्रों के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं।

मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने गोरखपुर शहरी निर्वाचन क्षेत्र में एक लाख 3 हजार से भी अधिक वोटों के अंतर से जीत हासिल की है। उन्‍होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी समाजवादी पार्टी के उपेन्‍द्र दत्‍त शुक्‍ला को हराया।

उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी ने पूर्ण बहुमत प्राप्त कर लिया है। उसे 70 सदस्यों की विधानसभा में 47 सीटों पर विजय मिली है। कांग्रेस ने 19 सीट जीती हैं। बहुजन समाज पार्टी और निर्दलीय उम्मीदवार दो-दो सीटों पर विजयी रहें हैं।

मुख्यमंत्री पुष्करसिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता हरीश रावत, आम आदमी पार्टी के अजय कोठियाल चुनाव हार गए हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह चुनाव जीत गए हैं।

गोआ में भाजपा को 40 सदस्यों की विधानसभा में 20 सीटें मिली हैं। कांग्रेस 11 सीटों पर जीतने में सफल रही। महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी और आम आदमी पार्टी को दो-दो सीट मिली हैं। पहली बार चुनाव लड़ने वाली रिवॉल्‍यूशनरी गोअंस पार्टी ने एक सीट जीती है। गोआ फॉरवर्ड पार्टी को भी एक सीट मिली है। तीन निर्दलीय प्रत्‍याशी भी जीतने में सफल रहे।

तृणमूल कांग्रेस गोआ में खाता नहीं खोल सकी। पार्टी को पांच दशमलव दो-एक प्रतिशत वोट मिले। शिवसेना और राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी भी अपना खाता नही खोल सकीं।

मणिपुर में 60 सदस्यों की विधानसभा में भाजपा ने 32 सीटें जीत कर बहुमत प्राप्त कर लिया है। पार्टी को 37 दशमलव आठ-तीन प्रतिशत वोट मिले। नेशनल पीपुल्‍स पार्टी 17 दशमलव दो-नौ प्रतिशत वोटों के साथ सात सीटें जीतने में सफल रही, लेकिन एनपीपी के प्रदेश अध्यक्ष चुनाव हार गए हैं। जनता दल यूनाइटेड ने 10 दशमलव सात-सात प्रतिशत वोट के साथ छह सीट जीती हैं। कांग्रेस को 16 दशमलव आठ-तीन प्रतिशत वोट के साथ पांच सीटों पर जीत मिली है। नगा पीपुल्स फ्रंट को पांच सीट मिली हैं। कुकी पीपुल्स एलांयस ने दो सीट जीती हैं। तीन निर्दलीय उम्‍मीदवार भी चुनाव जीतने में सफल रहे।

मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने हेइनगांग सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी को पराजित किया।

पंजाब‍ में आम आदमी पार्टी ने विधानसभा चुनावों में बहुमत के साथ शानदार जीत दर्ज की है। पार्टी ने 117 सदस्‍यों वाली विधानसभा में 92 सीटें जीती। कांग्रेस मात्र 18 सीटों पर ही कामयाबी हासिल कर सकी। शिरोमणि अकाली दल को तीन और भारतीय जनता पार्टी को दो सीटें मिली। बहुजन समाज पार्टी और निर्दलीय को एक-एक सीट मिली।

कई जाने माने राजनीतिज्ञों को आम आदमी पार्टी के उम्‍मीदवारों से हार का सामना करना पड़ा। इनमें 11 बार विधायक रहे शिरोमणि अकाली दल के वरिष्‍ठ नेता और पूर्व मुख्‍यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, कांग्रेस के प्रदेश अध्‍यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू, शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया, मुख्‍यमंत्री चरणजीत सिंह चन्‍नी, चार बार विधायक रहे और पूर्व मुख्‍यमंत्री कैप्‍टन अमरिंदर सिंह, शिरोमणि अकाली के अध्‍यक्ष और पूर्व उपमुख्‍यमंत्री सुखबीर सिंह बादल, राज्‍य के वित्‍त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल और कई अन्‍य शामिल हैं।

Related posts

Leave a Comment