ईस्टर्न नागालैंड पीपल्स ऑर्गनाइजेशन- ई.एन.पी.ओ. ने आगामी विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करने का फैसला वापस ले लिया है। गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि ईएनपीओ ने केंद्र सरकार में विश्वास व्यक्त करते हुए यह निर्णय लिया है और इससे राज्य में शांति और विकास प्रक्रिया जारी रखने में मदद मिलेगी। अमित शाह ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में विश्वास के लिए ई.एन.पी.ओ. को धन्यवाद दिया हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्वोत्तर के लोगों को इस बात के प्रति आश्वस्त करने के अथक प्रयास किए हैं कि सरकार उनके साथ है।
ईएनपीओ ने गृह मंत्रालय के अनुरोध और गृह मंत्री के आश्वासन के बाद यह फैसला लिया है। उसने कहा है कि उसने राज्य में निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने के हित में 26 अगस्त 2022 के प्रस्ताव में तत्काल प्रभाव से ढील देने का फैसला किया है। ईएनपीओ ने सभी नागरिकों से अनुरोध किया कि वे चुनाव के संचालन में सरकार के साथ सहयोग करें। नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो ने कहा कि यह फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में भारत सरकार में विश्वास दिखाता है।