सरकार ने पिछले वित्तीय वर्ष में आत्मनिर्भर भारत के तहत 29 लाख 87 हजार करोड़ रुपये के विशेष आर्थिक और व्यापक पैकेज की घोषणा की थी। लोकसभा में एक लिखित प्रश्न के जवाब में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि इस पैकेज का उद्देश्य देश में कोविड -19 महामारी के प्रभाव का मुकाबला करना था।
वित्तमंत्री ने कहा कि सरकार ने इस वर्ष केंद्रीय बजट में पूंजीगत व्यय में 34 दशमलव 5 प्रतिशत और स्वास्थ्य व्यय में 137 प्रतिशत की वृद्धि की है। उन्होंने समावेशी आर्थिक विकास का समर्थन करने के लिए कई उपायों की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि सरकार ने जन स्वास्थ्य को मजबूत करने और विकास तथा रोजगार के उपायों को गति देने के वास्ते इस साल जून में 6 लाख 29 हजार करोड़ रुपये के राहत पैकेज की घोषणा की है।