काबुल हवाई अड्डे पर कल हुए आत्मघाती हमले को सभी अखबारों ने पहली ख़बर बनाया है। राजस्थान पत्रिका लिखता है – दो धमाकों से दहला काबुल एयरपोर्ट। अमरीकी राष्ट्रपति जो बाइडेन का इन धमाकों के बाद यह स्पष्ट कहना कि हमले के दोषियों को ढूंढ़कर सज़ा देंगे – दैनिक जागरण की ख़बर है।
भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर का कल सर्वदलीय बैठक में यह कहना कि सभी भारतीयों को सुरक्षित लेकर आएंगे – हिन्दुस्तान सहित सभी अखबारों में प्रमुखता से है। दैनिक जागरण की सुर्खी है – सरकार की अफगानिस्तान के संबंध में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर हो रही गतिविधियों पर भी नज़र है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का कल ये कहना कि ड्रोन सिस्टम से स्टार्टअप का होगा फायदा – लोकसत्य में है। पत्र ने श्री मोदी के हवाले से लिखा है कि इससे ड्रोन के क्षेत्र में नए युग का सूत्रपात होगा।
सुप्रीम कोर्ट में नौ नए न्यायाधीशों की नियुक्ति को राष्ट्रपति की मंज़ूरी को जनसत्ता ने प्रमुखता से लेते हुए लिखा है कि इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट में प्रधान न्यायाधीश सहित जजों की कुल संख्या तैंतीस हो गई है। अमर उजाला लिखता है कि सुप्रीम कोर्ट में नौ न्यायाधीश नियुक्त, मिल सकती है पहली महिला मुख्य न्यायाधीश।
केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय का ये बयान कि दूसरी लहर अभी खत्म नहीं हुई है, त्योहारों में रखें सावधानी – जनसत्ता में है। उच्चतम न्यायालय का सरकार से यह कहना कि कोरोना से अनाथ हुए बच्चों की फीस माफ की जाए – राष्ट्रीय सहारा की ख़बर है। पत्र लिखता है कि निजी स्कूलों को भी इस संबंध में हिदायत जारी करने को कहा गया है। दैनिक भास्कर के अनुसार – अक्तूबर से शुरू हो सकता है बारह वर्ष से अधिक उम्र के बच्चों का टीकाकरण अभियान। पत्र लिखता है – जिनको पहला डोज लगेगा उनके दूसरे डोज का स्टॉक रिजर्व रखा जाएगा।
दैनिक जागरण लिखता है – सीधे विभागों तक पहुंचेंगी अब प्रधानमंत्री कार्यालय को भेजी गई शिकायतें। पत्र लिखता है कि इससे पीएम पोर्टल पर भेजी जाने वाली शिकायतों और समस्याओं का निराकरण अब जल्दी हो सकेगी।
सबसे ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाने वाले शहरों में दिल्ली बना दुनिया में नंबर एक – नवभारत टाइम्स सहित सभी अखबारों में है। राजस्थान पत्रिका ने इस जानकारी को पहले पन्ने पर दिया है कि जर्मनी पहला देश है जहां 1942 में दुनिया का पहला सीसीटीवी कैमरा लगा था।