पंजाब के कांग्रेस विधायक के मादक पदार्थ मामले में गिरफ्तारी आज जनसत्ता, दैनिक जागरण, दैनिक ट्रिब्यून और नवभारत टाइम्स सहित कुछ अख़बारों की पहली सुर्खी है।
एशियाई खेलों में खिलाडियों के शानदार पदर्शन को राष्ट्रीय सहारा, राजस्थान पत्रिका और हिन्दुस्तान ने पहली खबर बनाते हुए पदक प्राप्त करते खिलाडियों का चित्र दिया है।
हरित क्रांति के जनक प्रसिद्ध कृषि वैज्ञानिक एमएस स्वामीनाथन के देहांत का समाचार भी अख़बारों ने उनके जीवन वृत्त के साथ विस्तार से दिया है- राजस्थान पत्रिका ने लिखा है- मौन हुए अकाल में खेती की नई उम्मीदें बोने वाले स्वामीनाथन। जनसत्ता ने स्मृति शेष शीर्षक से लिखा है- गेहूं और चावल की अच्छी उपज देने वाली किस्मों को विकसित करने के लिए विश्व खाद्य पुरस्कार पाने वाले वे पहले व्यक्ति बने। दैनिक जागरण ने लिखा है- देश की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने में स्वामीनाथन का अभूतपूर्व योगदान भुलाया नहीं जा सकता।
दैनिक भास्कर की खबर है- एक अक्टूबर से विदेश यात्रा महंगी, बीस प्रतिशत टैक्स अधिक।
अमर उजाला के पहले पन्ने की खबर है- देश में डिजाइन और विकसित हथियार प्रणाली को देखते हुए घरेलू कंपनियों से चार सौ होविज्जर खरीदेगी सेना।
देशबन्धु ने बॉक्स में जनसंख्या शीर्षक से लिखा है- संयुक्त राष्ट्र ने रिपोर्ट में जानकारी दी, भारत में तेजी से बढ़ रही है बुजुर्गों की आबादी।
राजस्थान पत्रिका ने अपने आकलन में मॉनसून का विश्लेषण करते हुए लिखा है- कृषि विशेषज्ञों ने देश के सात सौ तेरह जिलों में मॉनसून का आकलन किया, छह प्रतिशत कम बारिश से बिगड़े हाल, दौ सौ बाइस जिलों में रबी की बुआई का असर, दलहन तिलहन प्रभावित, धान, गन्ने की फसल से उम्मीद।
अमर उजाला लिखता है- त्यौहारों से पहले पिछले छह माह के निचले स्तर पर पहुंची पीली धातु