आज का अखबार हिंदी 27 दिसंबर 2023: आज की ताजा खबर न्यूज़ पेपर

अरब सागर और लाल सागर में वाणिज्यिक जहाजों पर ड्रोन हमलों के दोषियों को रक्षामंत्री की चेतावनी हिन्‍दुस्‍तान और राष्‍ट्रीय सहारा सहित अधिकांश अखबारों की प्रमुख खबर है। अमर उजाला ने रक्षामंत्री के दो टूक बयान को प्रकाशित किया है कि- जहाजों पर हमला करने वालों को पाताल से भी खोज लाएंगे।

दैनिक जागरण की सुर्खी है- आईएनएस इंफाल ने भारतीय नौसेना को दी नई ताकत। सुपरसोनिक ब्रह्मोस मिसाइल दागने की क्षमता से लैस स्‍टेल्‍थ मिसाइल विध्वंसक आईएनएस इंफाल भारतीय नौसेना में शामिल। जनसत्‍ता ने बताया है कि दुश्‍मन के रडार को चकमा दे सकेगा युद्धपोत।

राजस्‍थान पत्रिका ने बढेगी सामरिक ताकत शीर्षक से लिखा है- थार में तेजस की तैयारी, स्‍वेदश निर्मित हल्‍का लड़ाकू विमान तेजस आने वाले दिनों में पश्चिमी सरहद के आसमान में अपनी गर्जना से दुश्‍मन का दिल दहलाएगा।

नई दिल्‍ली स्थित इस्रराइली दूतावास के पास धमाके की खबर पंजाब केसरी सहित सभी अखबारों में है।

पाकिस्‍तान आम चुनाव में पहली बार हिन्‍दू महिला डॉ. सवीरा प्रकाश के उतरने की खबर नवभारत टाइम्‍स सहित अधिकांश अखबारों ने सचित्र प्रकाशित की है।

दैनिक जागरण ने लिखा- यूट्यूब पर दो करोड़ सब्सक्राइबर वाले दुनिया के पहले नेता बने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी।

हरिभूमि की सुर्खी है- आईआईटी मद्रास के विद्यार्थियों को शोध में मिली कामयाबी। पत्र लिखता है- ब्‍लैक फंगस की वजह से जिन मरीजों का चेहरा खराब हुआ है अब उन्‍हें थ्री-डी प्रिंट तकनीक के जरिए फिर से नया चेहरा और मुस्‍कान मिलेगी।

Related posts

Leave a Comment