आज का अखबार हिंदी 16 दिसंबर 2023: आज की ताजा खबर न्यूज़ पेपर

आज का अखबार हिंदी 16 दिसंबर 2023: आज की ताजा खबर न्यूज़ पेपर

श्री कृष्‍ण जन्‍मभूमि पर सर्वोच्‍च न्‍यायालय के निर्णय और संसद में हुए गतिरोध को आज अधिकतर अखबारों ने मुख पृष्‍ठ पर दिया है। दैनिक जागरण लिखता है – मथुरा में श्री कृष्‍ण जन्‍मस्‍थान के सर्वे पर रोक लगाने से सुप्रीम कोर्ट का इंकार। अमर उजाला के अनुसार पीठ ने कहा – हाई कोर्ट के फैसले को औपचारिक चुनौती नहीं दी गई, अगली सुनवाई नौ जनवरी को।

संसद सुरक्षा में सेंध के मुद्दे पर विपक्ष के हंगामें के कारण ठप्‍प हुई कार्यवाही की खबर को पंजाब केसरी, राष्‍ट्रीय सहारा और दैनिक ट्रिब्‍यून ने पहले पन्‍ने पर सचित्र प्रकाशित किया है। वहीं, हिन्‍दुस्‍तान की सुर्खी है – मुख्‍य साजिशकर्ता ललित ने सबूत मिटाने के लिए साथियों के फोन नष्‍ट किए। जनसत्‍ता के अनुसार आरोपी अराजकता फैलाकर मनवाना चाहते थे अपनी मांगे।

राजस्‍थान में मुख्‍यमंत्री पद के लिए हुए शपथ ग्रहण समारोह पर भी अखबारों की नजर है। वीर अर्जुन के शब्‍द हैं – राष्‍ट्रीय स्‍वयंसेवक संघ से जुडे भजनलाल शर्मा को मिला 57वें जन्‍मदिन का तोहफा। दैनिक ट्रिब्‍यून ने लिखा है – राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी माने जाने वाले पूर्व मुख्‍यमंत्री अशोक गहलोत और केन्‍द्रीय मंत्री गजेन्‍द्र सिंह शेखावत बगल में बैठकर गर्मजोशी से बात करते दिखे।

राजस्‍थान पत्रिका के मुख पृष्‍ठ की सुर्खी है – डीआरडीओ का कमाल, मानवरहित विमान हाई स्‍पीड फ्लाइंग विंग का सफल परीक्षण।

दैनिक भास्‍कर की यह खबर ध्‍यान आकृष्‍ट करती है, बीमा कंपनियों ने एक साल में मेडिक्‍लेम के 80 प्रतिशत मामले खारिज किए। पत्र यह भी लिखता है – देश में केवल 27 प्रतिशत लोगों का स्‍वास्‍थ्‍य बीमा।

पंजाब केसरी के कारोबार पन्‍ने की सुर्खी है – शेयर बाजार में नौ सौ उनहत्‍तर अंक का उछाल, बम्‍बई शेयर बाजार का सेंसेक्‍स ऐतिहासिक रूप से पहली बार 71 हजार अंक के स्‍तर के पार हुआ।

राष्‍ट्रीय सहारा के खेल पन्‍ने की खबर है – धोनी के योगदान के सम्‍मान में रिटायर की गई जर्सी नंबर 7, पत्र के अनुसार- आईपीएल के अगले सत्र में मुंबई इंडियन्‍स के कप्‍तान होंगे हार्दिक पांड्या।

ठिठुरन शीर्षक से देशबंधु ने लिखा है – इस मौसम की सबसे सर्द सुबह, शिमला से ठंडी हुई दिल्‍ली, तापमान औसत से चार डिग्री नीचे, बढने लगी कोहरे की चादर।

Related posts

Leave a Comment