मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान साहित पांच राज्यों में आगामी विधानसभा चुनावों की तारीखों की घोषणा पर नवभारत टाइम्स की सुर्खी है-सत्ता का सेमीफाइनल तय पांच राज्यों में सात से 30 नवम्बर के बीच होगा मतदान, नतीजे तीन दिसम्बर को। दैनिक जागरण कहता है-16 करोड़ मतदाता चुनेंगे अपनी सरकार। अमर उजाला ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस कथन को बॉक्स में दिया है कि मुफ्त रेवडि़यों पर मतदाता को करना होगा जागरूक। राजस्थान पत्रिका का कहना है-जागो…..सोचो और चुनो! पत्र आगे लिखता है-आचार संहिता लागू शिकायत पर एक सौ मिनट में कार्रवाई।
हार्वर्ड विश्वविद्यालय की क्लॉउडिया गोल्डिन को अर्थशास्त्र का नोबेल पुरस्कार देने की घोषणा हिन्दुस्तान सहित सभी अखबारों में है। राजस्थान पत्रिका ने उन्हें महिलाओं की शक्ति बताया है। हरिभूमि के अनुसार हर कामकाजी महिला के दिल की बात समझने वाली प्रोफेसर को सम्मानित किया जाएगा।
हमास और इस्राइल के बीच चल रहे संघर्ष के बीच हिन्दुस्तान ने दो चित्र देते हुए लिखा है- हृदयविदारक दो मुल्क-दो चेहरे मगर आंसू और पीड़ा एक।
अयोध्या में श्रीराम मन्दिर के तेजी से हो रहे निर्माण को सभी अखबारों ने दिया है। जनसत्ता कहता है- अयोध्या के अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सेवाएं दिसम्बर से। अमेरिका के न्यूजर्सी में दुनिया के सबसे बड़े मन्दिर की प्राण प्रतिष्ठा को राजस्थान पत्रिका में सचित्र देते हुए लिखा है कि मन्दिर के दरवाजे 18 अक्टूबर से खुलेंगे। अमर उजाला कहता है-दुनिया ने देखा दूसरे सबसे बड़े हिंदू मंदिर का वैभव।
डाक से ई-कॉमर्स निर्यात को प्रोत्साहन – दैनिक जागरण के अर्थजगत पृष्ठ में है। पत्र के अनुसार छोटे निवेशकों को अब क्लियरेंस के लिए नहीं जाना पड़ता है कस्टम विभाग।
दैनिक भास्कर ने साइंटिफिक रिपोर्ट्स की इस खबर को दिया है कि शास्त्रीय संगीत सिर्फ सुकून नहीं, शरीर का लय भी ठीक कर देता है। पत्र के अनुसार समूह में संगीत सुनने से रिश्ते मजबूत होते हैं।
