आज का अखबार 1 अक्टूबर 2022, सुर्खियों में खबरें

आज का अखबार 1 अक्टूबर 2022, सुर्खियों में खबरें

कांग्रेस में अध्‍यक्ष पद के चुनाव के लिए लम्‍बे घटनाक्रम के बाद भरे गए तीन नेताओं के नामांकन को अखबारों ने सुर्खियों में दिया है। नवभारत टाइम्‍स का शीर्षक है – पद एक, तीन नाम, फ्रंट सीट पर खड़गे। राष्‍ट्रीय सहारा की सुर्खी है – भरोसेमंद खड़गे, सब पर भारी।

रिजर्व बैंक की द्विमासिक मौद्रिक नीति की चर्चा भी सभी अखबारों के पहले पन्‍ने पर है। जनसत्‍ता ने आर्थिक वृद्धि दर का अनुमान घटाने और ब्‍याज दर बढ़ने को प्रमुखता दी है। अमर उजाला लिखता है – कर्ज महंगा, महंगाई पर काबू पाने के लिए कदम उठाए।

दैनिक ट्रिब्‍यून ने चीन संबंधी मामलों के विशेषज्ञ जनरल अनिल चौहान के दूसरे प्रमुख रक्षा अध्‍यक्ष का पदभार संभालने को चित्र सहित दिया है।

कायदे की बात शीर्षक से अमर उजाला के मुख पृष्‍ठ की खबर है – रात दस बज गए तो पीएम मोदी ने लाउड स्‍पीकर का उपयोग न करने के नियम का पालन करते हुए, गुजरात में जनसभा को संबोधित नहीं किया, झुककर जनसमूह से माफी मांगी और बिना माइक के संवाद किया। अखबारों ने अहमदाबाद मेट्रो में अन्‍य यात्रियों के साथ सफर करते प्रधानमंत्री का चित्र भी पहले पन्‍ने पर दिया है।

सुप्रीम कोर्ट के इस कथन को दैनिक भास्‍कर ने अहमियत दी है कि अवैध निर्माण और कब्‍जे देश में स्‍थाई समस्‍या जस्टिस चंद्रचूड़ ने अतिक्रमण की निगरानी के लिए सैटेलाइट मैपिंग को जरूरी बताया।

कुछ अखबारों ने दिल्‍ली में प्रदूषण नियंत्रण के लिए मुख्‍यमंत्री केजरीवाल की 15 सूत्री शीतकालीन कार्ययोजना की घोषणा को भी पहले पन्‍ने पर दिया है। लिखा है – पटाखों पर पूर्ण प्रतिबंध। राष्‍ट्रीय सहारा ने लिखा है – वायु प्रदूषण से बचाने के लिए विंटर एक्‍शन प्‍लान घोषित, पटाखों के उत्‍पादन भंडारण खरीद और बिक्री पर प्रतिबंध, निगरानी के लिए 210 टीमें गठित।

मुम्‍बई हाईकोर्ट की नवरात्रि आयोजनों में तेज संगीत और शोर शराबे पर सख्‍त टिप्‍पणी भी पहले पन्‍ने पर है।

Related posts

Leave a Comment