अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने युद्ध से जूझ रहे युक्रेन और इस्राइल के लिए समर्थन की घोषणा की है। कल ओवल कार्यालय में अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि अमेरिका की सुरक्षा राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए यह बहुत महत्वपूर्ण है कि इस्राइल और युक्रेन को अपने-अपने युद्धों में जीत हासिल हो। अमेरिका और उसके सहयोगी, भारत और पश्चिम एशिया आर्थिक गलियारा समेत अनेक नवाचारी परियोजनाओं के माध्यम से पश्चिम एशिया से जुड़ने के लिए कार्य कर रहे हैं। बाइडेन का यह संबोधन ऐसे समय में हुआ है, जब उन्होंने हाल ही में इस्राइल की यात्रा सम्पन्न की है। बाइडेन ने अमेरिकी कांग्रेस से हमास के आतंकवादी हमले से प्रभावित इस्राइल के लिए वित्तीय सहायता की भी मांग की है।
जो बाइडेन का यह संबोधन दो अनिश्चित विदेशी संघर्षों में अमेरिका की गहरी भागीदारी का परिचायक है। उम्मीद है कि बाइडेन अमेरिकी-कांग्रेस से 105 अरब डॉलर की वित्तीय सहायता की मांग करेंगे, जिनमें 60 अरब डॉलर युक्रेन के लिए होंगे। सहायता राशि का उपयोग इस्राइल, अमेरिकी मानवीय सहायता, अमेरिका-मैक्सिको सीमा प्रबंधन तथा हिन्द प्रशांत क्षेत्र के लिए भी किया जाएगा। जो बाइडेन का कहना था कि यह वित्तीय सहायता वैश्विक नेता के रूप में अमेरिका के भविष्य के लिए निवेश है।
