विश्व स्वास्थ्य संगठन ने चीन में कोविड के बढ़ते मामलों को देखते हुए चीन से आने वाले यात्रियों पर प्रतिबंध लगाने के कई देशों के फैसले को सही ठहराया है। संगठन के महानिदेशक टेड्रोस अदनोम घेब्रेयसस ने चीन से सूचना के अभाव में, चीन सरकार से कहा है कि वह कोविड महामारी की वास्तविक स्थिति को स्पष्ट करे ताकि जोखिम का ठीक-ठीक आकलन किया जा सके।
इस बीच, कोविड संक्रमण के मामले बढ़ने के बावजूद यात्रा प्रतिबंधों में ढ़ील देने के चीन के फैसले के बाद फ्रांस, स्पेन, दक्षिण कोरिया और इज़राइल ने चीन से आने वाले यात्रियों के लिए कोविड जांच अनिवार्य कर दी है।
चीन ने कहा है वह आगामी 8 जनवरी से अपनी सीमाओं को पूरी तरह खोल देगा। चीन के इस कदम के बाद अमरीका, इटली, जापान, भारत, मलेशिया और ताइवान ने भी चीन से आने वाले यात्रियों की कोविड जांच करने को कहा है।
भारत में पिछले 24 घंटों के दौरान कोविड के कुल 266 नए मामले सामने आए
भारत में पिछले 24 घंटों के दौरान कोविड के कुल 266 नए मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि इसी अवधि के दौरान एक सौ उनासी रोगी स्वस्थ हुए हैं। देश में स्वस्थ होने की दर 98 दशमलव आठ प्रतिशत है। मंत्रालय के अनुसार देश में तीन हजार 653 मरीज हैं। मंत्रालय ने बताया कि राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के अंतर्गत पिछले 24 घंटों के दौरान 91 हजार से अधिक टीके लगाए गए। देश में अब तक 220 करोड़ दस लाख टीके लगाए जा चुके हैं।